नशें से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाएं युवा: डॉ अभिलाषा चौरसिया

शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यशाला एवं संगोष्ठी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत कार्यशाला एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका जैन ने की । वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ । संगोष्ठी में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की दीदी जी ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने का संदेश दिया । उन्होंने विद्यार्थियों को नशे की आदत से छुटकारा पाने के लिए अपनाए जा सकने वाले कुछ सामान्य घरेलू एवं व्यवहारिक उपायों के बारे में भी जानकारी दी ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं । यदि युवा स्वस्थ और नशामुक्त रहेंगे तो देश निश्चित रूप से उन्नति के शिखर पर पहुंचेगा । उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की समझाइश देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है ।
उन्होंने “स्वस्थ युवा—समृद्ध राष्ट्र, स्वावलंबी युवा—सशक्त राष्ट्र” का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया ।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले नुकसान को समझते हुए स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया । कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे । कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की दीदी जी का आभार व्यक्त किया गया ।



