राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया श्रद्धापूर्वक स्मरण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । भारतरत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर उमरियापान में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मुख्य मार्केट स्थित झंडा चौक के समीप गागा होटल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए ।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को आधुनिक और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । सूचना एवं तकनीकी क्षेत्र को बढ़ावा देने, युवाओं को आगे आने के अवसर प्रदान करने तथा देश में आधुनिक सोच को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा ।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की युवा शक्ति पर विश्वास करते हुए भारत को नई तकनीकी दिशा देने का प्रयास किया । उनके विचारों और आधुनिक भारत के निर्माण के सपने को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है ।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ ही राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया । वक्ताओं ने कहा कि देशहित और समाजहित में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना ही राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी ।
इस दौरान बेरोजगार प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष सुनील पटेल, स्वतंत्र चौरसिया, नमन चौरसिया, सत्तू सोनी, मनोज चौरसिया, अजय पटेल, सचिन पटेल, शंकर कोरी, संजय चौरसिया, मिकी चौरसिया, अखिलेश दीक्षित, सागर दीक्षित, अन्नू चौरसिया, गोलू चौरसिया, छोटू चौरसिया, मनोज झारिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।



