मध्य प्रदेश

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एबीवीपी ने उठाई आवाज

थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
महाविद्यालय परिसर में रात्रि गश्त और शराबियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
सिलवानी। शासकीय महाविद्यालय सिलवानी की छात्राओं की सुरक्षा और महाविद्यालय परिसर में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सिलवानी इकाई ने शुक्रवार को थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्राओं के साथ कथित रूप से शराब के नशे में छेड़छाड़ एवं अभद्रता करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा महाविद्यालय परिसर में रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के साथ शराबियों द्वारा छेड़छाड़ एवं अभद्रता किए जाने की घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके अलावा महाविद्यालय परिसर में रात्रि के समय शराब की बोतलें मिलने और शराब सेवन से जुड़ी गतिविधियों को लेकर भी चिंता जताई गई है। संगठन का कहना है कि ऐसी घटनाओं से छात्राओं एवं अन्य विद्यार्थियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। महाविद्यालय परिसर में रात्रि के समय शराब सेवन एवं अन्य गतिविधियों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो। साथ ही छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए।
एबीवीपी ने महाविद्यालय के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

Related Articles

Back to top button