सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, मंदिर में प्रज्वलित किए 500 दीप

जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री मोदी के सेवा संकल्प को समर्पित कार्यक्रम
सिलवानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा-संकल्प अभियान के तहत नगर परिषद सिलवानी द्वारा गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने किया।
इस अवसर पर नया बजरंग चौराहा स्थित श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर में 500 दीप प्रज्वलित किए गए। दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के संकल्प के प्रति समर्पण व्यक्त किया गया।
पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के संकल्प को समर्पित है। दीपों की प्रकाशमय ज्योति विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करे और जनसेवा के पथ को निरंतर आलोकित करती रहे, यही मंगलकामना है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, संदीप शर्मा, पूर्व हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण यादव, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, पूर्व पार्षद नीरज नेमा पप्पू, शरद मतांबर पार्षद लखन मेहरा, बाबू ठाकुर, एल्डरमैन किशोरसिंह शेखावत, पंडित ओमकार शर्मा, तुलसी यादव, ओमपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।



