सेवा संकल्प यात्रा का सिलवानी में जोरदार स्वागत

पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने की अगवानी, कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
सिलवानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा का रविवार को सिलवानी विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश हुआ। यात्रा के ग्राम छीता पार पहुंचने पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने अगवानी की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बाइकर्स तथा यात्रा में शामिल कलश का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। यात्रा के सिलवानी पहुंचने को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
यात्रा ग्राम छीता पार से होते हुए कस्बा बम्होरी पहुंची, जहां भी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा सिलवानी नगर में प्रवेश कर बजरंग चौराहा पहुंची। यहां नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाइकर्स और कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इसके पश्चात यात्रा मां बीजासन माता मंदिर पहुंची, जहां पूर्व पार्षद नीरज नेमा पप्पू सहित श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल सदस्यों का स्वागत किया। पूरे मार्ग में सेवा संकल्प यात्रा के प्रति लोगों में उत्साह नजर आया। स्वागत के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
*रॉयल पैलेस में हुआ सेवा संकल्प कार्यक्रम*
सेवा संकल्प यात्रा के सिलवानी पहुंचने के बाद भोपाल रोड स्थित रॉयल पैलेस मैरिज गार्डन में सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा एवं नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा, समर्पण एवं सुशासन से जुड़े कार्यों तथा देश में हुए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की। उन्होंने सेवा और जनकल्याण के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद सेवा संकल्प यात्रा का रात्रि विश्राम सिलवानी के रॉयल पैलेस में हुआ।
सोमवार को ग्राम सियरमऊ के लिए रवाना हुई यात्रा
सोमवार दोपहर सेवा संकल्प यात्रा पुनः प्रारंभ हुई। रॉयल पैलेस से रवाना होकर यात्रा बजरंग चौराहा होते हुए आगे बढ़ी और ग्राम सियरमऊ पहुंची। यात्रा के आगे बढ़ने के दौरान भी विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया।



