मध्य प्रदेश

जर्जर सड़क और टायर फैक्टरी की दुर्गंध के विरोध में ग्रामीणों का चक्काजाम

तीन दिन में सड़क मरम्मत और फैक्टरी पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। क्षेत्रवासियों ने विगत दिनों तहसीलदार बड़वारा को ज्ञापन सौंपकर बड़वारा से देवरी हटाई तक जर्जर सड़क और टायर फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण की गंभीर समस्या से अवगत कराया था। समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ग्रामीणों ने सड़क पर चका जाम कर धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बड़वारा से देवरी हटाई तक सड़क मार्ग अत्यंत जर्जर हो चुका है। सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत के साथ उसके चौड़ीकरण तथा खराब निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
वहीं क्षेत्र में संचालित टायर फैक्ट्रियों से निकलने वाली दुर्गंध और प्रदूषण को लेकर भी ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि तीव्र दुर्गंध के कारण आसपास के क्षेत्र में रहना और सांस लेना मुश्किल हो रहा है तथा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने टायर फैक्टरी से फैल रही दुर्गंध पर पूर्ण रोक लगाने तथा फैक्टरी को किस आधार पर एनओसी स्वीकृत की गई, इसकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
चका जाम और धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से सड़क की मरम्मत का कार्य तीन दिन में शुरू कराने तथा टायर फैक्टरी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास निगम, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष ओंकार सिंह, शैलेश जायसवाल, अंशुल राजपूत, रामकृपाल शर्मा, अशोक असाटी, निखिल असाटी, नीरज नायक, पूरन सिंह, अजय कोल सरपंच बड़ागांव, छुन्नी बाई सरपंच बछरवारा, संदीप बर्मन, गुड्डू राय, राहुल चौहान, जित्तु गुप्ता, अक्कू चौहान, सुकसेन सिंह एवं गणेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button