दहेज प्रताड़ना ,घरेलू हिंसा की शिकार नवविवाहित ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
रायसेन । जिले बेगमगंज नगर के आशीर्वाद जनरल स्टोर संचालक की नवविवाहित बहू ने दहेज प्रताड़ना ओर घरेलू हिंसा से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़की पक्ष ने हंगामा करते हुए दहेज में गाड़ी नहीं देने पर हत्या का लगाया आरोप। पुलिस ने मामला दर्जकर विवेचना में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नगर के आर्शीवाद जनरल स्टोर संचालक जुगल किशोर देवलिया के पुत्र कमलकिशोर देवलिया उर्फ संस्कार 24 वर्ष का ग्राम पंदरभटा निवासी स्व. बलभद्र उपाध्याय की पुत्री जागृति उपाध्याय 21 वर्ष के साथ 5 माह पूर्व विवाह हुआ था। परिजनों का आरोप है कि एक माह बाद से ही लड़का एवं उसके परिजनों द्वारा दहेज में चार पहिया वाहन की डिमांड करते हुए उनकी लड़की को प्रताड़ित करने लगे थे। उसके साथ आए दिन लड़का एवं उसके परिजन मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे।
तब लड़की ने अपने मामा बृजेश कुमार एवं परिजनों को बताया था कि उन्हें गाड़ी दे दो नहीं तो वो उसे परेशान करते रहेंगे।
लड़की के मामा बृजेश कुमार बड़ोनिया ने बताया कि आज उनके पास समधी जुगलकिशोर का फोन आया कि तुम्हारी बच्ची ने घर में फांसी लगा ली है। तब वह परिजनों सहित रिश्तेदारों के साथ भागकर बेगमगंज सिविल अस्पताल आए तो देखा कि उनकी बच्ची जागृति अस्पताल में मृत अवस्था में पड़ी हुई है और ससुराल पक्ष के सभी लोग उसे वहां पटककर भाग गए है। तब उन्होंने जुगलकिशोर को फोन लगाया कि क्या हुआ आप लोग इधर अस्पताल आओ लेकिन कोई नहीं आया।
मृतका की मां संध्या बाई एवं भाई वैभव उपाध्यय एवं विकास उपाध्यय का कहना है कि उन्हें शंका है कि उनकी बच्ची की हत्या करके उसका शव अस्पताल में दामाद , ससुर और उसके परिजन अस्पताल में पटककर भाग गए और बुलाने पर भी नहीं आए।
तब लड़की के मायके पक्ष द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम करके विवेचना में लिया है।


