टीना जाटव खेलेंगी मध्यप्रदेश की टीम में, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दमखम

सिलवानी। मुरैना में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 शालेय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भोपाल संभाग की टीम को विजय दिलाने वाली सिलवानी की होनहार छात्रा टीना जाटव का चयन मध्यप्रदेश की टीम में हुआ है। टीना अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
टीना जाटव का चयन 23 नवंबर से 27 नवंबर तक महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वलीवाल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए मुरैना में 17 से 21 नवंबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें टीना शामिल होंगी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मुरैना रवाना होने से पूर्व स्थानीय खेल मैदान पर टीना जाटव का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, ब्लॉक खेल प्रभारी मोहम्मद तारिक, कमलेश जाटव, मुस्तकीम अहमद, योगेश कुलकर्णी, विशु जैन एवं मोहम्मद अली सहित अन्य लोगों ने टीना का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।



