सिलवानी क्षेत्र में अवैध शराब का नेटवर्क बेखौफ! शहर के आसपास ठेकों से गांवों तक पहुंच रही शराब?

छोटे तस्करों पर कार्रवाई कर रही पुलिस, लेकिन मुख्य सप्लायर तक क्यों नहीं पहुंच रहे जांच के कदम चिचौली पुल के पास बाइक से शराब परिवहन करते एक व्यक्ति को पकड़ा, अब शराब के असली स्रोत पर उठ रहे सवाल।
सिलवानी। नगर में अवैध शराब के कारोबार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के आसपास संचालित अधिकृत शराब दुकानों से ग्रामीण क्षेत्रों तक शराब पहुंचने और गांवों में छोटी दुकानों व अस्थायी ठिकानों के जरिए बिक्री किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। यदि ये आरोप सही हैं तो यह केवल अवैध बिक्री का मामला नहीं, बल्कि शराब की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की ओर इशारा करता है।
सागर में जहरीली शराब से मौतों और देवास में नकली शराब के कारोबार के खुलासे जैसी घटनाओं के बाद भी यदि स्थानीय स्तर पर शराब की सप्लाई और बिक्री पर प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है, तो यह चिंता का विषय है। सवाल यह है कि शहर के ठेकों से गांवों तक शराब कैसे पहुंच रही है? क्या आबकारी विभाग को इसकी जानकारी नहीं है या फिर निगरानी व्यवस्था में कहीं बड़ी चूक है?
चिचौली पुल के पास पकड़ा शराब परिवहनकर्ता, सप्लायर कौन
कुछ दिन पूर्व पुलिस ने उदयपुरा रोड स्थित ग्राम चिचौली पुल के पास घेराबंदी कर काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 MV 4179 से शराब का परिवहन करते एक व्यक्ति को पकड़ा था। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की।
लेकिन इस कार्रवाई के बाद सबसे अहम सवाल शराब के स्रोत को लेकर खड़ा हो गया है। बाइक सवार के पास शराब कहां से आई? उसे किसने उपलब्ध कराई? क्या इसके पीछे कोई बड़ा सप्लायर है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में शराब पहुंचाने का काम कर रहा है? इन सवालों के जवाब सामने आना अभी बाकी हैं।
छोटे खिलाड़ी पकड़ में, बड़े सप्लायर तक जांच कब
अवैध शराब के मामलों में अक्सर शराब का परिवहन करते हुए छोटे स्तर के लोग पुलिस की पकड़ में आ जाते हैं। शराब जब्त होती है, वाहन पर कार्रवाई होती है और मामला दर्ज कर लिया जाता है। लेकिन शराब की खेप कहां से आई और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं, इसकी जांच सबसे महत्वपूर्ण होती है।
यदि शराब किसी बड़े नेटवर्क के जरिए गांवों तक पहुंचाई जा रही है तो केवल परिवहनकर्ता पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। पुलिस और आबकारी विभाग को सप्लाई के स्रोत, अधिकृत दुकानों से संभावित कनेक्शन और बिक्री के ठिकानों की भी जांच करनी चाहिए।
आबकारी विभाग की निगरानी पर भी सवाल
ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी दुकानों और अस्थायी ठिकानों पर शराब बिक्री के आरोपों के बीच आबकारी विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आखिर ग्रामीण इलाकों में शराब की उपलब्धता कैसे हो रही है? क्या अधिकृत दुकानों से शराब की बिक्री और उसके वितरण की जांच की जा रही है? क्या विभाग ने गांवों में शराब बिक्री के कथित ठिकानों पर कार्रवाई की है?
अब कार्रवाई नहीं, पूरे नेटवर्क के खुलासे का इंतजार
सिलवानी में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी है कि पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से जांच करें। शराब के स्रोत से लेकर सप्लायर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री करने वालों तक पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जाएं।
अब सबसे बड़ा सवाल सिलवानी पुलिस और आबकारी विभाग से है—क्या जांच केवल बाइक सवार तक सीमित रहेगी या शहर के ठेकों से गांवों तक शराब पहुंचाने के कथित नेटवर्क का भी पर्दाफाश होगा?
एसडीओपी सिलवानी आशुतोष त्यागी ने बताया कि करीब नौ दिन पूर्व सिलवानी–चिचोली मार्ग के पास बाइक सवारों से शराब जब्त की गई थी। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, प्रकरण में आगे की कार्रवाई के लिए विवेचना जारी है।



