घर में घुसकर दसवीं की छात्रा से युवक ने किया दुष्कर्म

रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । नगर के एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया। मामला 29 जनवरी दोपहर करीब एक बजे से तीन बजे का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि नगर के वार्ड 11 किरार मोहल्ला निवासी अंशुल पटेल पिता प्रदीप पटेल उम्र 21 वर्ष एक नाबालिग लड़की के घर में घुस गया। जब उसकी मां और भाई नानी के घर जबलपुर गए थे और पिता भी बाहर थे। नाबालिग लड़की घर पर अकेली ऊपर के कमरे में बर्तन धो रही थी। तभी अंशुल पटेल ने पहले उसे डराते धमकाते हुए बोला कि यदि आवाज की तो मैं तेरे पापा को मार डालूंगा। जिसके बाद आरोपी अंशुल ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच नाबालिग के बड़े पापा का बेटा आ गया तो आरोपी वहां से भाग निकला। लड़की ने उस समय डर के कारण उक्त घटना की चर्चा किसी से नहीं की। लेकिन गुरुवार को पीड़िता ने यह बात अपने पिता को बताई। जब उसकी मां और भाई जबलपुर से वापस आए तो पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में लिया है। वहीं आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।



