पर्यावरणमध्य प्रदेशमनोरंजन

ईको पर्यटन विकास बोर्ड के तहत कैम्प चौका में स्कूली बच्चों का अनुभूति कैम्प आयोजित

सिलवानी । मध्यप्रदेश ईको टूरिज्म बोर्ड, भोपाल के निर्देशानुसार स्कूली बच्चों को प्रकृति से परिचित कराने, पर्यावरण संरक्षण, वन सुरक्षा एवं वन्य प्राणियों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से संपूर्ण प्रदेश में अनुभूति कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अनुभूति कार्यक्रम की नवीन थीम हम हैं धरती के दूत-अब अकेला नहीं के अंतर्गत वन परिक्षेत्र क्षेत्र पश्चिम सिलवानी (सामान्य) के परिसर चौका स्थित वन्यप्राणी कैम्प में अनुभूति कैम्प का आयोजन किया गया।
इस कैम्प का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति के सानिध्य में ले जाकर वन, पर्यावरण एवं वन्यप्राणियों के महत्व से अवगत कराना तथा संरक्षण की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को जंगल ट्रैकिंग, पक्षी अवलोकन, जंगली एवं औषधीय पौधों की पहचान तथा उनके उपयोग की जानकारी दी गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम सिलवानी महेन्द्र कुमार पालेचा के मार्गदर्शन में डिप्टी रेंजर लाल सिंह धुर्वे, गोवर्धनदास वनपाल गोवर्धन शर्मा, मनीष छारी, अखिलेश कुमार रजक, मास्टर ट्रेनर दीनानाथ श्रीवास्तव सहित अन्य वन अमले द्वारा बच्चों को विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
सोमवार को प्रातः 8 बजे सांदीपनि विद्यालय सिलवानी से बस द्वारा 122 छात्र-छात्राओं को वन सुरक्षा कैम्प चौका लाया गया। नाश्ते के उपरांत विद्यार्थियों को वन भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें विभिन्न वनस्पतियों के साथ-साथ वन क्षेत्र में किए गए जल संरक्षण कार्यों जैसे पत्थर के चेकडैम एवं परकोलेशन टैंक के लाभों से अवगत कराया गया। ट्रैकिंग के पश्चात कैम्प परिसर में सामान्य ज्ञान, क्विज, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता परिणाम में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम कु. राखी कक्षा 11, द्वितीय दीक्षा कुशवाह कक्षा 9, तृतीय अजय कुमार कक्षा 11। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम पायल पटेल, द्वितीय शीतल तिवारी, तृतीय रितुल पांडे।
निबंध प्रतियोगिता में, प्रथम अनिकेत सेन (कक्षा 11), द्वितीय दीपेश पटवा (कक्षा 11), तृतीय दीपिका रघुवंशी (कक्षा 9)। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, सुरेंद्र पटेल डूंगरिया समिति अध्यक्ष शोभाराम, पूर्व सरपंच सफीक उद्दीन काजी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया के 122 छात्र-छात्राओं को कैप, अनुभूति ब्रोशर, ड्राइंग शीट एवं ड्राइंग स्टेशनरी वितरित की गई। कार्यक्रम की सफलता में वन विभाग के स्थायी कर्मी प्रेमनारायण रजक, संतोष तिवारी, रामसिंह, भगवानसिंह सहित समस्त सहयोगी दल का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button