राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को परीक्षा प्रबंधन की दी जानकारी

सिलवानी। बुधवार को शासकीय हाईस्कूल सियालवाड़ा में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेशनल हेल्थ मिशन फैमिली प्लैनिंग एसोसिएशन इंडिया काउंसलर ज्योति पंडित तथा डॉ. मनोज नामदेव एवं डॉ. आरजू यादव ने किशोर किशोरियों से संवाद कर वार्षिक परीक्षा की तैयारी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा गया कि परीक्षा ज्ञान, समझ और मेहनत को परखने का माध्यम है। इससे यह आकलन होता है कि पढ़ाई कितनी अच्छी तरह की गई है। परीक्षा से न केवल ज्ञान का मूल्यांकन होता है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन और समय प्रबंधन की आदत भी विकसित होती है तथा भविष्य में आगे बढ़ने के लिए यह योग्यता का प्रमाण भी बनती है।
विशेषज्ञों ने परीक्षा के दौरान होने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थी परीक्षा के समय तनाव और डर महसूस करते हैं, और अधिक दबाव के कारण स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में मानसिक संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।
विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए समय पर पढ़ाई करने, नियमित टाइम टेबल बनाने, प्रतिदिन पुनरावृत्ति (रिवीजन) करने और पुराने प्रश्न पत्र हल करने की सलाह दी गई। साथ ही पर्याप्त नींद लेने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने और परीक्षा परिणामों को सहज स्वीकार करते हुए भविष्य की योजनाएं बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं टेली-मानस सेवा की जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे परामर्श प्राप्त कर सकें। सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दी।



