CM के कार्यक्रम से लौट रही बस पलटी, 10 की मौत, 30 से ज्यादा घायल
मृतकों के परिजनो को 4-4 लाख रुपए की सहायता
छिंदवाड़ा के सिमरिया में हादसा
छिंदवाड़ा । एमपी के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार की शाम को पिकअप वाहन से टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हैं। एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया, कुछ के सिर फूटे हैं।
हादसा गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे उमरानाला इलाके में हुआ। MP28 P 0321 नंबर की इस बस में 47 लोग सवार थे। यह छिंदवाड़ा के पुलिस लाइन में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रही थी। इसी दौरान सिमरिया के पास पिकअप वाहन से टकरा गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के निकटम परिजन को 4-4 लाख रुपए जबकि गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के डीन अभय सिन्हा ने बताया कि मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। एक घायल की हालत नाजुक है, जिसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उसके सिर पर गंभीर चोट है। खून के थक्के जम गए हैं। बाकी घायलों को यहीं रखा गया है।
घायलों को 6 एम्बुलेंसों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके लिए पुलिस ने हादसे की जगह से अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया।
कलेक्टर हरेंद्र नारायण, भाजपा के जिला अध्यक्ष शेषराव यादव और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे भी अस्पताल में मौजूद हैं।




