खेत में करंट से किसान की मौत, पोस्टमार्टम विवाद में नया मोड़, डॉक्टर अमन सेन ने दी सफाई

बेगमगंज। बेगमगंज के समीप ग्राम फतेहपुर में खेत में करंट लगने से हुई युवा किसान की मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। फसल में पानी देते समय करंट की चपेट में आए 30 वर्षीय किसान राजकुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद सिविल अस्पताल बेगमगंज में पोस्टमार्टम को लेकर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए, जिससे अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ और सागर भोपाल मार्ग पर चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अब डॉक्टर अमन सेन सामने आए हैं। डॉ. अमन सेन ने मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया कि जिस समय मृतक को अस्पताल लाया गया, उस समय वे ड्यूटी पर नहीं थे। उस वक्त डॉक्टर अभिषेक साहू ड्यूटी पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए लापरवाही और पोस्टमार्टम से इनकार के आरोप पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।
डॉ. अमन सेन ने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा ऑनलाइन पोस्टमार्टम अनुरोध समय पर नहीं भेजा गया, इसी कारण पोस्टमार्टम प्रक्रिया में देरी हुई। उन्होंने कहा कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव जिम्मेदार रहे हैं और उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।



