कुएं में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत, आम तोड़ने खेत में गए थे
विदिशा जिले के अमरपुरा गांव में दर्दनाक हादसा
विदिशा । एमपी के विदिशा जिले के ग्राम अमरपुरा में एक कुएं में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चों में 13 वर्षीय कार्तिक यादव और 10 वर्षीय आर्यन शाक्य शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर को तीन बच्चे खेलते हुए गांव से आधा किलोमीटर दूर स्थित कुएं तक पहुंचे। कार्तिक और आर्यन नहाने के लिए कुएं में उतर गए, जिसमें 8 से 10 फीट पानी भरा था। दोनों बच्चों के डूबने लगने पर तीसरे बच्चे ने गांव में सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कार्तिक अपनी विधवा मां का इकलौता बेटा था। उसके पिता राकेश यादव का एक साल पहले निधन हो गया था। वह मां के साथ मामा के घर तिन्सयाई गांव में रहता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया था। सभी बच्चे आम तोड़ने गए थे।
वहीं आर्यन के पिता बब्लू शाक्य ने बताया कि उनका बेटा पहली बार कुएं में नहाने गया था। कार्तिक ने सातवीं कक्षा और आर्यन ने पांचवीं कक्षा की परीक्षा पास की थी। शासन की ओर से मृतकों के परिवार को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
इस संबंध में शमशाबाद एसडीओपी अजय मिश्रा ने बताया कि खेत में बने कुएं को चौड़ा करके छोटा तालाब बनाया जा रहा था। किनारे पर पानी कम था, लेकिन बच्चे नहाते समय गहरे पानी में चले गए। घटनास्थल पर कैरियां मिली हैं, जिससे अनुमान है कि बच्चों ने आम के पेड़ से कैरियां भी तोड़ी होंगी।



