सड़क निर्माण के लिए खोदे गड्डे में डूबने से बच्चे की मौत

रायसेन | रविवार को झिरिया गांव में सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में नहाते समय 10 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। यह बालक अपने दोस्तों के साथ उक्त गड्ढे में भरे पानी में नहाने के लिए गया था। जब 10 वर्षीय दाऊद अली पुत्र सैयद आबिद अली पानी में डूबने लगा तो उसके साथियों ने गांव पहुंच कर इसकी जानकारी दी। जब तक गांव के लोग वहां पर पहुंचे और पानी से बालक को निकालने का प्रयास किया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना स्थल से ट्रैक्टर से मजदूरों को लेकर जा रहे एक किसान ने वहां का माजरा देखा तो वह अपने दो मजदूरों के साथ बच्चे को बचाने के लिए उसमें कूद गया । करीब 15-20 मिनट के प्रयास के बाद बच्चे का शव गड्ढे में नीचे मिल गया। परिजन तत्काल उसको लेकर सिविल अस्पताल बेगमगंज पहुंचे। जहां डॉक्टर ने परीक्षण के उपरांत बालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कायम किए जाने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।



