जनपद सीईओ ने ली सचिवों व रोजगार सहायकों की बैठक

शासन की योजनाओं क्रियान्वयन व लंबित कार्यों की समीक्षा की
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान | ढीमरखेड़ा जनपद सीईओ यजुवेंद्र कोरी ने शुक्रवार को मंगल भवन में ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं रोजगार सहायकों की बैठक ली। बैठक में सीईओ यजुवेंद्र कोरी ने सचिव और रोजगार सहायक सचिव को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित कार्यों की समीक्षा तथा समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीईओ यजुवेंद्र कोरी ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय पर पूरे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों, मनरेगा, पंचायत स्तरीय योजनाओं, अभिलेख संधारण, भुगतान प्रक्रिया एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि समय पर कार्य नहीं हुआ या कार्यों में अनियमितता पाई गई, तो संबंधित सचिव या रोजगार सहायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान सीईओ ने पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और जहां कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचना चाहिए, इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारी से कार्य करें। यजुवेंद्र कोरी ने सचिवों और रोजगार सहायकों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, फील्ड में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी कार्यप्रणाली से ही पंचायतों का विकास संभव है। बैठक में जनपद के अधिकारी गण व सचिव रोजगार सहायकों की उपस्थिति रही।



