मध्य प्रदेश

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मिली जिला पंचायत सदस्य, सिलौड़ी क्षेत्र के विकास पर हुई चर्चा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता व उद्योग समिति की सभापति श्रीमती कविता पंकज राय ने मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात कर सिलौंडी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की । मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र के किसानों, युवाओं सहित आमजन की समस्याओं से विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया और इनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल किए जाने का आग्रह किया ।
कविता पंकज राय ने किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखते हुए समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई । उन्होंने कहा कि खेती के सीजन में किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा समय रहते उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाना जरूरी है । उन्होंने क्षेत्र में खाद की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की बात भी कही ।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई । कविता राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है । इससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे और उन्हें अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी ।
उन्होंने सिलौंडी क्षेत्र के विकास से जुड़े अन्य विषयों को भी विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रखा । साथ ही आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता बताई ।
कविता पंकज राय ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। किसानों, युवाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाया जा रहा है । उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है ।

Related Articles

Back to top button