20 दिन में 10 से 30 रुपए किलो तक बढ़ गए फलों के भाव
नवरात्र तक और बढ़ सकते हैं और भाव, गर्मियों के साथ बढ़ी खपत का असर
सिलवानी। इसे रूस-यूक्रेन युद्ध का असर कहें या समय से पहले बढ़ती गर्मी, फलों के भाव पिछले 20 दिन में 10 से 30 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। जानकारों का मानना है कि नवरात्र में फल 40-50 प्रतिशत तक महंगे हो सकते हैं। इसके साथ ही फलों की कमी का संकट भी मंडी में आ सकता है। महंगाई की सर्वाधिक मार सेव के भाव पर पड़ी है। फरवरी के अंत से अब तक सेव, अनार और संतरे पर ज्यादा महंगाई दिखाई दी है। फरवरी के अंत में अच्छे सेव के भाव 120 रुपए प्रति किलो तक थे जो अब बढ़कर 150 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गए हैं। हालांकि गर्मियों का फल माना जाने और आवक ठीक होने से अंगूर के भावों पर महंगाई का असर ज्यादा नहीं हुआ है, लेकिन फल बाजार में आ रहे तेजी के रुख से वह भी 50 से बढ़कर 60 रुपए किलो तक पहुंच गया है। चीकू 20 रुपए किलो तक महंगा हो गया है।



