अच्छी खबर: रेलवे क्रासिंग बंधी एवं सलैया फाटक में शीघ्र बनेंगे ओव्हरब्रिज

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह की पहल पर रेलवे क्रासिंग बंधी स्लीमनाबाद एवं सलैया फाटक में शीघ्र ही ओव्हर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। जिससे लोगों को सुविधा मिलेगी । सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने बताया कि पमरे उपमहाप्रबंधक द्वारा पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई है कि बंधी स्लीमनाबाद फाटक एलसी 344 पर आरओबी निर्माण हेतु वर्तमान में जीएडी एवं डिजाईन ड्राइंग बनाने हेतु दिनांक 17 अगस्त 2024 को निविदा स्वीकृत की जा चुकी है। जी.ए.डी. एवं डिजाईन ड्राइंग स्वीकृति के पश्चात् आर.ओ.बी. की निविदा शीघ्र आमंत्रित की जाएगी। वहीं सलैया फाटक एलसी 342 पर आर.ओ.बी. निर्माण का कार्य गति शक्ति यूनिट एवं राज्य सरकार द्वारा लागत विभाजन के आधार पर किया जा रहा है। रेलवे भाग का कार्य प्रारंभ हो चुका है। राज्य सरकार द्वारा निविदा स्वीकृत हो चुकी है एवं राज्य सरकार द्वारा कार्य अभी प्रारंभ नहीं किया गया है। गौरतलब है रेल्वे क्रॉसिंग बंधी स्लीमनाबाद एवं सलैया फाटक में लंबे समय से ओव्हर ब्रिज की माँग की जा रही थी। ब्रिज बनने से उमरियापान, ढीमरखेड़ा सहित क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।



