ग्रेस मिशन स्कूल में विज्ञान, कला एवं शिल्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

छात्र-छात्राओं ने अद्भुत मॉडलों और चित्रकलाओं से किया आकर्षित, कार्यक्रम में विधायक एवं ग्रामीणों की विशेष उपस्थिति
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ग्रेस मिशन इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल उमरियापान में शनिवार को विज्ञान, कला एवं शिल्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का अनूठा प्रदर्शन किया। छात्रों द्वारा बनाए गए विज्ञान के मॉडल और कला के सुंदर नमूने उपस्थित लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है और उनकी रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहन मिलता है। विशिष्ट अतिथि ढीमरखेड़ा बीईओ संयुक्तता उइके, उमरियापान भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, ग्राम पंचायत उमरियापान सरपंच अटल ब्यौहार, विजय दुबे, जितेन्द्र अरोरा, संतोष दुबे, मुन्नू गौतम, प्रदीप चौरसिया, संतोष नामदेव, वैभव चौरसिया, शैंकी चौरसिया, बड्डा गुप्ता, सचिव सतीश गौतम, रोजगार सहायक अतुल चौरसिया, उमरियापान थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय सहित पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कन्या शाला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरियापान प्राचार्य दिलीप बाजपेई, पत्रकार सतीश चौरसिया, जगमोहन मिश्रा, सुशील मिश्रा ने भी विशेष रूप से शिरकत की। ग्रेस मिशन स्कूल की प्राचार्य अंजलि जेकब ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास भी प्राप्त होता है ।
प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, स्मार्ट सिटी, जल संरक्षण और कृषि से संबंधित नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। छात्रों ने अपने मॉडलों की विस्तृत जानकारी देते हुए दर्शकों को प्रभावित किया । कला एवं शिल्प के अनुभाग में चित्रकला, हस्तशिल्प और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियां भी प्रदर्शित की गईं, जिनमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में अभिवावक भी उपस्थिति रहे और छात्रों के प्रयासों की सराहना की । अतिथियों ने छात्रों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कृत किया और उन्हें भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रेरणादायक उद्बोधन और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
इस आयोजन ने न केवल छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया बल्कि ग्रामीण समुदाय को भी बच्चों की क्षमताओं और उनके उज्ज्वल भविष्य में विश्वास दिलाया। इस प्रकार की प्रदर्शनियां न केवल शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध करती हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और विकास की दिशा में सकारात्मक योगदान देती हैं।




