मध्य प्रदेशहेल्थ

एंबुलेंस नहीं मिली तो घायल को जेसीबी से पहुंचाया अस्पताल

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
कटनी । प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं बद से बदतर स्थिति में है। एक ओर सरकार जहाँ स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन कर सुविधाएं बढ़ाने का दावा कर रही है वही दूसरी ओर अधिकारी कर्मचारियों की लालफीताशाही में आम नागरिक को सुविधाएं नही मिल पा रही है। ऐसा ही एक मामला प्रदेश के कटनी जिले में सामने आया है।
बरही थाना क्षेत्र में खितौली रोड पर सोमवार को दो बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद उन्होंने घायल को ले जाने के लिए एंबुलेंस को फोन किया था, लेकिन आधे घंटे के बाद भी वो नहीं आई। ऐसे में घायल की बिगड़ती हालत को देख उसे खुद ही जेसीबी से अस्पताल ले जाना पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने ऑटोवालों से भी मदद मांगी थी, लेकिन कोई नहीं रुका।इसके बाद एक दुकानदार अपनी जेसीबी के लोडिंग बकेट में ही उठाकर घायल युवक को अस्पताल ले गया। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया है। हादसे में गैरतलाई गांव के महेश बर्मन उम्र 25 वर्ष को गंभीर चोट आई थी। वह दर्द से कराह रहा था, लेकिन सड़क से गुजरने वाले किसी वाहन चालक ने उसकी मदद नहीं की।
जहां हादसा हुआ, वहां पास ही में पुष्पेंद्र विश्वकर्मा की ऑटोमोबाइल की दुकान है। उनके पास जेसीबी है। उन्होंने अपने दोस्त रफीक की मदद से घायल को जेसीबी के सामने वाले हिस्से (लोडिंग बकेट) में लेटाया और उसे बरही कम्युनिटी हेल्थ सेंटर लेकर पहुंचे। हादसे में महेश के पैर में फ्रैक्चर निकला। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महेश मोटर बाइंडिंग का काम करता है।

Related Articles

Back to top button