नालियों से बाहर झांकती गंदगी के बीच आखिर कैसे रहा जाए जरा हालत देखें जिम्मेदार, क्या यहां खुद रह पाएंगे?
सिलवानी। आमतौर पर जल निकासी की समस्या सुनने में सामान्य लगती है, लेकिन लगातार अनदेखी ने इस समस्या को विकराल बना दिया है। स्थिति यह है कि नगर के अधिकांश वार्डों में यह समस्या गंभीर हो चुकी है। हालांकि नगर परिषद प्रशासन इसे गंभीरता से न लेते हुए सामान्य मानकर चल रहा है। यही वजह है कि कुछ काॅलोनियों में तो इस समस्या के कारण आए दिन झगड़े हो रहे हैं, जो मुंहवाद से शुरू होकर थाने तक पहुंच जाते है। इस समस्या से जुड़ा ताजा विवाद नगर के वार्ड क्रमांक 15 महावीर काॅलोनी में सामने आया है। इसकी वजह काॅलोनी के कुछ लोगों द्वारा नाली बंद करने से पानी नहीं निकलने से मकानों में गंदा पानी भर रहा है। नाली चौक होने की वजह से गंदा पानी नाली में जाने के बजाय वापस लौटकर लोगों के घरों के आगे ही भर रहा है। इससे लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नप प्रशासन के उदासीन रवैए से काॅलोनीवासी इस समस्या के निराकरण को लेकर असहाय नजर आ रहे हैं।
वार्डवासी कई बार कर चुके शिकायत
10 जनवरी सोमवार को नगर के वार्ड क्रमांक 15 के वार्डवासियों द्वारा सीएमओ को कुछ व्यक्तियों द्वारा नाली बंद करने जिससे पानी की निकासी न होने से मकानों में गंदा पानी भरने के संबंध में लिखित आवेदन दिया गया था। उक्त आवेदन के माध्यम से बताया कि वार्ड में कुछ व्यक्तियों द्वारा नाली निकासी को बंद कर दिया है जिसके कारण नाली भर गई है एवं नाली से लगे मकानों में गंदा पानी भर रहा है। जिसको लेकर कई बार आवेदन दिए गए जाने के बावजूद भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। नगर परिषद में जब भी जाते है उनकी कोई सुनवाई नहीं की जाती है और कर्मचारी कहते है कि हम कुछ नहीं कर सकते है। वार्डवासियों द्वारा आवेदन सौंपकर तत्काल जांच कर कार्यवाही की मांग की थी। लेकिन वार्डवासियों के आवेदन पर आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है।



