मध्य प्रदेश

बेगमगंज में यात्री बसों में भारी किराया वृद्धि के विरोध में जेनजी सड़कों पर,

रैली निकालकर एसडीएम को दिया ज्ञापन

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । बस ऑपरेटर द्वारा एकाएक यात्री किराए में भारी वृद्धि किए जाने के खिलाफ आज बेगमगंज में जेनजी ( जनरेशन जेड ) सड़कों पर उतर आई और रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर यात्री बसों में हुई बेतहाशा किराया वृद्धि का विरोध करते हुए उसे कम करने की मांग को लेकर उन्होंने एक ज्ञापन एसडीएम प्रियंका भलावी को सौंपा।
बेगमगंज के ग्रामीण क्षेत्र सहित सागर, भोपाल, रायसेन इत्यादि जगह विद्या अध्ययन करने के लिए जाने वाले स्टूडेंट्स अंशुल राज, रितिक राज, अजय कुमार, हिमांशु लोधी, मुस्कान साहू, आदर्श राज, गोविंद ठाकुर, आदर्श गुप्ता, कीर्ति नायक, मुश्कान साहू , अनुज गौर, विद्या , हिमांशु लोधी, साक्षी लोधी, नीतू , वैशाली ठाकुर, कृष्ण लोधी, आकाशी जैन, वैशाली ठाकुर, अंकित विश्वकर्मा इत्यादि सहित दर्जनों स्टूडेंटस ने आज रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम प्रियंका भलावी को एक ज्ञापन देकर मांग की है कि पूर्व में सागर के 80 रुपए लगते थे, लेकिन अब 120 कर दिए, भोपाल के 150 से 250, एवं सुल्तानगंज से बेगमगंज के 25 रुपए की जगह अब 50 रुपए लेने लगे हैं इसके अतिरिक्त सुनवाहा, पड़रिया राजाधार , हैदरगढ़ इत्यादि सहित आसपास के गांव से बेगमगंज शिक्षा अध्ययन करने आने वाले स्टूडेंटस का 2 गुना किराया बढ़ने से उन पर आर्थिक मार पड़ रही है।
जिससे कि कई गरीब स्टूडेंट कई- कई दिन तक स्कूल एवं कॉलेज नहीं आ पा रहे हैं। जिसके कारण उनकी पढ़ाई का नुकसान हो रहा है और वह पीछे रहे हैं ऐसे में उनके भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है।
सभी की मांग है कि बेतहाशा हुई किराया वृद्धि की समीक्षा करके यात्री किराया कम किया जाए , ताकि प्रतिदिन अपडाउन करने वाले स्टूडेंटस सहित अन्य गरीबों को भी आर्थिक बोझ ना उठाना पड़े।
स्टूडेंट को विशेष रूप से रियायती कार्ड बनाए जाकर छूट दी जाए। यदि किराया बढ़ाना था तो कुछ प्रतिशत बढ़ा सकते थे लेकिन दोगुना किराया किए जाने से सभी को आर्थिक रूप से परेशानी हो रही है।
उक्त समस्याओं को तत्काल शासन एवं संबंधित अधिकारी को प्रस्ताव भेजकर समस्याओं का निराकरण कराया जाए।

Related Articles

Back to top button