खिलाड़ियों , स्टूडेंट्स ने खेल मैदान को लेकर दिया ज्ञापन

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में नवीन खेल मैदान को पूर्ण करने की मांग को लेकर आज युवाओं , खिलाड़ियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों द्वारा एसडीएम प्रियंका भलावी को देकर सीघ्र निर्धारित नवीन खेल मैदान भूमि पर रनिंग ट्रैक एवं आवश्यक खेल सुविधाओं की मांग को लेकर एक ज्ञापन दिया गया।
युवा खिलाड़ी गोविंद सिंह ठाकुर, आदर्श गुप्ता, दीपेश गौर, कीर्ति नायक, मुस्कान साहू इत्यादि के नेतृत्व में करीब 60 – 70 प्रतिभागियों, खिलाड़ियों एवं स्टूडेंट्स के द्वारा दिए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि पुराने सीएम राइज हॉयर सेकंडरी स्कूल के मैदान पर खिलाड़ियों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों द्वारा खेल एवं शारीरिक प्रशिक्षण लिया जाता था।
वर्तमान में उक्त खेल मैदान परिसर में सीएम राइज ( सांदीपनी) स्कूल के रूप में विकसित होने के कारण युवाओं एवं खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास के लिए कोई भी उपयुक्त खेल मैदान उपलब्ध नहीं है।
विशेष रूप से पुलिस विभाग, सेना एवं वन विभाग सहित अन्य शासकीय सेवाओं की शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी करने वाले शिक्षित बेरोजगार युवकों के लिए नियमित रनिंग एवं शारीरिक अभ्यास के लिए समतल एवं सुरक्षित ट्रैक का होना अतिआवश्यक है । वर्तमान में प्रयुक्त रनिंग ट्रैक उपलब्ध नहीं होने के कारण नगर के अनेक युवा उचित रूप से अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं ।
हमें जानकारी है की शासन द्वारा नवीन खेल मैदान के लिए सागर रोड़ पर कृषि फॉर्म के सामने भूमि निर्धारण आवंटित की गई थी ।जिस पर खेल मैदान का निर्माण कछुआ चाल से चल रहा है ।नगर के युवा एवं खिलाड़ियों के हित में हमारा विशेष अनुरोध है कि युवा एवं खिलाड़ियों के हित में उक्त मैदान पर मानक रनिंग ट्रैक का निर्माण किया जाए तथा उपलब्ध भूमि के अनुसार 400 मीटर अथवा अधिकतम संभव लंबाई का ट्रैक विकसित किया जाए। रनिंग ट्रैक का समतलीकरण एवं उचित सही निर्माण कराया जाए । जिससे प्रशिक्षण के दौरान चोट की संभावना कम हो।
मैदान में जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए ताकि वर्षा के समय भी मैदान का उपयोग होता रहे। युवाओं के लिए लांग जंप, एवं शॉटपुट आदि के अभ्यास के लिए आवश्यक स्थान ( पिट ) विकसित की जाए। मैदान की बाउंड्रीवॉल की सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था यथासंभव उपलब्ध कराई जाए एवं खेल मैदान को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त करने के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाए। ताकि उपरोक्त सुविधा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले प्रतिभागियों के लिए नहीं बल्कि नगर की खेल प्रतिभाओं एवं युवाओं के लिए भी उपयुक्त होंगी। इसलिए अनुरोध है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर उपरोक्त मांगों को पूर्ण कराया जाए।



