हरिहरेश्वर महादेव के लिए कावड़ यात्रा प्रारंभ, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
नर्मदा जल से होगा शिवलिंग का जलाभिषेक, भजन संध्या व भंडारे का आयोजन
सिलवानी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सिलवानी तहसील के श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यह पवित्र यात्रा जयदीप पटेल के नेतृत्व में रविवार प्रातः नर्मदा तट बोरास घाट से मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई।
कांवड़ यात्रा रविवार देर रात ग्राम चंद्रपुरा पहुंची, जहां रात्रि विश्राम के उपरांत सोमवार को प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हरिहरेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा। नर्मदा जल से बर्फ से निर्मित बाबा अमरनाथ के स्वरूप शिवलिंग सहित पार्थिव शिवलिंगों का विधिपूर्वक पूजन-अभिषेक किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत भजन गायक मनमोहन शर्मा एवं उनकी ऑर्केस्ट्रा टीम द्वारा शिवभक्ति के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे माहौल भक्तिमय हो उठेगा। आयोजन के पश्चात समस्त श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है। आयोजक जयदीप पटेल ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।



