क्राइम

हत्या कर सड़क किनारे टपरे के पीछे फेंक दी लाश

तेवरी में एनएच पर टपरे के पीछे लाश मिलने से मची खलबली
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेवरी बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर एक टपरे के पीछे गत दिवस लगभग 50 वर्षीय एक व्यक्ति की खून से सनी लाश पाई गई। प्राथमिक जांच के बाद व्यक्ति की हत्या चाकू से गोद कर एवं पत्थर से कुचलकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है। जघन्य हत्याकांड को 14 जून से 17 जून के बीच अंजाम दिए जाने की आशंका है । स्लीमनाबाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति की हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। स्लीमनाबाद थाना प्रभारी अखिलेश दहिया ने बताया की स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर तेवरी बाईपास कॉकटेल ढाबा के समीप मंगलेश कुशवाहा के टपरे के पीछे किसी व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। सूचना के आधार पर घटनास्थल में पहुंची पुलिस ने टपरे के पीछे से लगभग 40 से 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। प्राथमिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जैसे 14 जून से 17 जून के बीच उक्त अज्ञात व्यक्ति की पत्थर से कुचल कर और चाकू से मारपीट करते हुए हत्या की गई हो। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति की हत्या के मामले में धारा 103 ( 1 ) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया की घटनास्थल का निरीक्षण करने में प्रथम दृष्टया जो तथ्य सामने आए उसके आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की पहचान होने से मामले को सुलझाने में काफी मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button