बाढ़ मुआवजा, खाद और बिजली की समस्याओं को लेकर किसान संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
सिलवानी। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान संघर्ष समिति ने सोमवार को तहसीलदार के रीडर के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समिति ने जुलाई एवं अगस्त माह में आई भीषण वर्षा और बाढ़ से हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए मुआवजा वितरण में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
ज्ञापन के अनुसार नगर परिषद सिलवानी के वार्ड क्रमांक 02 सहित आसपास के क्षेत्रों में लगभग 70 से 80 परिवार बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। इन प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया और मुआवजा वितरण में पारदर्शिता की भारी कमी रही। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि 200 से 300 लोगों को मुआवजा दिया गया जिसमें भ्रष्टाचार की आशंका है।
इसके अलावा किसानों को खाद समय पर उपलब्ध न होने, जले हुए ट्रांसफार्मर समय पर न बदले जाने और बिजली के अत्यधिक बिलों की समस्या को लेकर भी समिति ने चिंता जताई है।
समिति ने प्रशासन से मुआवजा वितरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, बिजली बिलों में राहत देने एवं ट्रांसफार्मर शीघ्र बदले जाने की मांग की है।
किसान संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो समिति को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस दौरान नर्मदा यादव, मदन राय, राजेश कुशवाह, बद्री रघुवंशी, ओम पाल आदि मौजूद रहे।



