मध्य प्रदेश

पागल ऊंट का आतंक, राहगीरों पर किया हमला

सिलवानी । नगर के बेगबा कला क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक ऊंट ने पागल होकर राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया। यह घटना स्टेट हाईवे 44 स्थित सिलवानी उदयपुरा मार्ग पर बेगबा कला स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने घटित हुई। श्री गणेश विसर्जन चल समारोह के लिए ढोल लेकर जा रहे एक युवक पर ऊंट ने अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढोल बजा रहे युवक पर ऊंट ने झपट्टा मारा, और एक मैजिक वाहन के चक्कर लगाकर भागा, लेकिन ऊंट ने पीछा नहीं छोड़ा, जिससे वह युवक घबरा गया और ढोल को फेंक कर भागा और गिर पड़ा। ऊंट की चपेट में आते-आते वह युवक बाल बाल बचा। मौके पर मौजूद अन्य राहगीरों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह उस युवक को ऊंट के चंगुल से बचाया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह ऊंट पिछले कई दिनों से क्षेत्र में खुलेआम घूम रहा है और कई बार सड़क पर अचानक आ जाने से वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ चुकी है। बावजूद इसके संबंधित प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बताया जाता है कि राजस्थान से कुछ दल भेड़ और ऊंट को भोजन की तलाश में इस क्षेत्र में आते है। इस ऊंट की कम उम्र में यहां बीमार हो गया था तो दल यही छोड़ कर चला गया था। तब से यह ऊंट इस क्षेत्र में भटक रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आवारा और खतरनाक जानवरों को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button