मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता

झिंझरी जेल अधीक्षक प्रभात कुमार चतुर्वेदी ने समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सहित प्रतिभागियों को किया सम्मानित
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘मेरे सपनों का भारत सेवा संकल्प’ अभियान के तहत कटनी स्थित झिंझरी जेल परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के मार्गदर्शन में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सहभागिता की ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश के दर्शन एवं पूजन के साथ हुआ । मुख्य अतिथि झिंझरी जेल अधीक्षक प्रभात कुमार चतुर्वेदी एवं उप अधीक्षक अरविंद खरे के मार्गदर्शन में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में लगभग 26 से 30 छात्राओं ने भाग लिया । कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका दीप्ति श्रीवास्तव ने किया ।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘मेरे सपनों का भारत’ रखा गया था । संदीपनी विद्यालय, शासकीय कन्या विद्यालय सिविल लाइन-गणेश चौक तथा गुरुकुल विद्या मंदिर की छात्राओं ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छता एवं जनसेवा, विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र निर्माण में सामाजिक सहभागिता और सामाजिक दायित्व जैसे विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सपनों का भारत ऐसा होना चाहिए, जहां बेटियां आत्मनिर्भर, निर्भीक और निडर होकर आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि बेटियां अपने जीवन पथ पर कोमल हो सकती हैं, लेकिन कमजोर कभी नहीं हो सकतीं । उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का दृढ़संकल्प दिलाया ।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं की रचनात्मकता और देश के प्रति सकारात्मक सोच देखने को मिली । छात्राओं ने अपने चित्रों के माध्यम से ऐसे भारत की कल्पना प्रस्तुत की, जिसमें स्वच्छता, सेवा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और महिला सशक्तिकरण को प्रमुख स्थान मिले ।
कार्यक्रम के दौरान झिंझरी जेल अधीक्षक प्रभात कुमार चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें मंच पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया । साथ ही कार्यक्रम में विशेष सहयोग प्रदान करने वाले विभिन्न विद्यालयों के गुरुजनों एवं प्राचार्यों राजेंद्र पांडेय, श्रीमती शालिनी तिवारी एवं श्रीमती नीलम यादव को भी आत्मीय सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया ।



