नवांगत सीएमओ निगहत सुल्तान ने नगर पालिका का चार्ज लेते ही अतिक्रमणकारियों को हड़काया

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर पालिका परिषद के सीएमओ कृष्णकांत शर्मा का स्थानांतरित हो जाने पर उनके स्थान पर सीएमओ निगहत सुल्तान द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी बेगमगंज का कार्यभार ग्रहण किया गया। कार्यभार ग्रहण करते ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा बस स्टेण्ड का निरीक्षण कर अतिक्रमणकर्ताओं को चेतावनी दी गई कि रास्ते की जगह पर कोई भी दुकान नहीं लगाए आम रास्ता बाधित ना हो। साथ ही बस स्टेण्ड पर गंदगी करने वाले पर वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिए तथा गंदगी करने वालों पर चालानी कार्यवाही हेतु सफाई दरोगा को आदेशित किया गया।
नवांगत सीएमओ निगहत सुल्तान का कहना है कि उनका उद्देश्य शहर को साफ सुथरा और अतिक्रमण मुक्त रखना, शहर वासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही मूलभूत सुविधाएं और शासन की योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन कराना है।
उन्होंने शहर वासियों से अपील की है की वह समय पर नगर पालिका के समस्त करो का भुगतान करें और शहर को साफ सुथरा और सुंदर बनाने में सहयोग करें। सूखा गीला कचरा नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही डालें यहां वहां ना फेंकें, जिन्होंने अभी तक अपनी छतों से बारिश का पानी नीचे लाने के लिए पाइप नहीं लगाए है वह शीघ्रता करें अन्यथा उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



