सिलवानी में UGC एक्ट लागू कराने के समर्थन में जनसमर्थन रैली, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

सिलवानी। नगर में बुधवार को एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लोगों ने UGC एक्ट 2026 को लागू कराने की मांग को लेकर जनसमर्थन रैली निकाली। रैली बजरंग चौराहा से प्रारंभ होकर गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, गांधी आश्रम और शिवाजी नगर होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची।
रैली में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सुधीर शुक्ला को सौंपा। रैली के माध्यम से केंद्र सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का प्रयास किया गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ओबीसी महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी और समस्त प्रदेश अध्यक्षों की सहमति से संविधान प्रदत्त अधिकारों के अनुरूप अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं समाज के वंचित वर्गों के शैक्षणिक, सामाजिक और संवैधानिक हितों के संरक्षण हेतु केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत यूजीसी (University Grants Commission) बिल का गहन अध्ययन और विचार-विमर्श किया गया है।
ज्ञापन में कहा कि उच्च शिक्षा में आरक्षित वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे वे प्रतिस्पर्धा में पीछे छूट रहे हैं। ऐसे में यूजीसी एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करना आवश्यक है, ताकि सभी वर्गों को समान अवसर मिल सकें।
ज्ञापन में यूजीसी बिल के मूल उद्देश्यों का भी उल्लेख किया गया है, जिनमें—
उच्च शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना।
विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए समान शैक्षणिक मानक स्थापित करना।
अनुदान, मान्यता एवं नियमन प्रक्रिया को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाना।
रैली के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि यूजीसी एक्ट 2026 को शीघ्र लागू कर आरक्षित एवं वंचित वर्गों के शैक्षणिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।



