खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का प्रतीक हैं जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी हैं : रामपालसिंह

राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
सिलवानी। नगर के सांदीपनि विद्यालय में सांसद खेल महोत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत रहे। उनके साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, भाजपा जिला मंत्री संदीप शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत द्वारा विद्यादायिनी मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ की गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एनपी शिल्पी ने अतिथियों का पुष्प मालाओं से स्वागत किया।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि “खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का प्रतीक हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी हैं।” उन्होंने कहा कि आज भारत खेलों के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा नगर का नाम रोशन करें।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘खेलो इंडिया’ और ‘सांसद खेल महोत्सव’ जैसे अभियानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सामने ला रही है। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत 25 दिसंबर तक ग्राम पंचायत से लेकर संसदीय क्षेत्र स्तर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित खिलाड़ियों में शामिल
आशी सोनी (वॉलीबॉल, सांदीपनि विद्यालय) रोशनी साहू (वॉलीबॉल) दिव्यांश जाटव (वॉलीबॉल, सांदीपनि विद्यालय)
आयुषी (वॉलीबॉल) आर्ची चौरसिया (बैडमिंटन, पुष्पा विद्यालय) रिशा राय (बैडमिंटन, शेम फोर्ड स्कूल) रूद्र शर्मा (बैडमिंटन, मां शारदा स्कूल)
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की छात्राओं ने मशाल जलाकर रैली निकाली, जो नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः सांदीपनि विद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू वरिष्ठ भाजपा नेता गिरजीस चौरसिया, सलीम काजी, मोनू मतांबर, संजीव जेके पार्षद प्रदीप कुशवाहा, मिलन जैन, गुड्डू भाई, मदन राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।



