प्रदेश ही नहीं बल्कि भारत देश की पहली ऐसी नगर परिषद उमरियापान होगी, जहां सभी वार्डो के नाम शहीदों के नाम पर होंगे

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी जिले में प्रस्तावित नवीन नगर परिषद एक ऐतिहासिक पहचान बनाने जा रही है । उमरियापान नगर परिषद के 15 वार्डों के नाम परमवीर चक्र विजेता शहीदों के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया है । कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में ढीमरखेड़ा एसडीएम निधि गोहल द्वारा नगर परिषद का प्रारूप प्रकाशन जारी कर दिया गया है। प्रकाशन के बाद एक सप्ताह तक आमजन से दावे एवं आपत्तियां कार्यालय में आकर कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतें उमरियापान, पचपेढ़ी, बम्हनी, बरोदा, साथ ही इनके 12 आश्रित ग्रामों को मिलाकर नगर परिषद का गठन किया जा रहा है । जनसंख्या के अनुपात में 56 वार्डों का परिसीमन कर 15 नवीन वार्डों का गठन किया गया है । इन सभी वार्डों का नामकरण परमवीर चक्र सम्मान प्राप्त शहीद सैनिकों के नाम पर प्रस्तावित किया गया है । प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की पहली ऐसी नगर परिषद उमरियापान होगी, जहां सभी वार्डों के नाम शहीदों के नाम पर होंगे । नामकरण की प्रक्रिया धर्म, जाति और राजनीति से परे रहकर की गई है । प्राप्त दावे–आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जनवरी 2023 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 123वीं जयंती एवं पराक्रम दिवस के अवसर पर अंडमान-निकोबार के 21 दीपों के नाम परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखे थे। उसी कड़ी में ढीमरखेड़ा में यह पहल शहीदों के सम्मान को समर्पित मानी जा रही है । परमवीर चक्र भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान है । देश में जहां भारत रत्न सम्मान लगभग 53 व्यक्तियों को प्राप्त हुआ है, वहीं परमवीर चक्र सम्मान अब तक केवल 21 वीर सैनिकों को मिला है, जिन्होंने युद्धभूमि में अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की रक्षा की।
प्रस्तावित वार्डों के नाम इस प्रकार हैं शहीद पीरू सिंह वार्ड, शहीद धन सिंह थापा वार्ड, शहीद होशियार सिंह वार्ड, शहीद विक्रम बत्रा वार्ड, शहीद अब्दुल हमीद वार्ड, शहीद सोमनाथ शर्मा वार्ड, शहीद शैतान सिंह वार्ड, शहीद जोगिंदर सिंह वार्ड, शहीद मनोज कुमार पांडे वार्ड, शहीद रामस्वामी परमेश्वर वार्ड, शहीद राम राघोबा राणे वार्ड, शहीद अरुण क्षेत्रपाल वार्ड, शहीद अल्बर्ट इक्का वार्ड, शहीद गुरवचन सिंह सलारिया वार्ड,शहीद करम सिंह आदि वार्ड के शहीदों के नाम से जाना जाएगा।
एसडीएम निधि गोहल ने बताया कि उमरियापान नगर परिषद गठन की प्रक्रिया के तहत नवीन वार्डों के नामकरण का प्रकाशन जारी किया गया है । एक सप्ताह तक सुझाव और दावे–आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनके निराकरण के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नगर पंचायत बनाए जाने की घोषणा की गई थी । लगभग नौ वर्षों बाद क्षेत्र को नगर परिषद का दर्जा मिलने जा रहा है । नगर परिषद बनने से क्षेत्र को अग्निशमन सेवा की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे आगजनी की घटनाओं में होने वाले भारी नुकसान पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा । साथ ही, नगर परिषद बनने से क्षेत्र में विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।



