विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी : राजपूत
विधायक ने कन्या शाला भवन का किया लोकार्पण
सिलवानी। पूर्व केबिनेट मंत्री और विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने बुधवार को नगर में एक करोड़ की लागत से निर्मित कन्या शाला भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां सरस्वती जी का पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के साथ ही संपूर्ण जिले में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। गांवों में सड़क, आंगनवाड़ी भवन, स्वास्थ्य केन्द्र भवन, स्कूल भवन सहित अनेक निर्माण कार्य कराए जा रहे है। क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है। विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सुदूर गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके इसके लिए लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि गांवों में भी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। गांवों का विकास महानगरों की तर्ज पर किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आव्हान किया कि सभी लोग मास्क का उपयोग करें व सोशल डिस्टेंस का पालन करें। कार्यक्रम का संचालन नरेश रघुवंशी ने किया। इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष ठाकुर तरूवर सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष विजय षुक्ला, दीपक रघुवंशी, श्याम साहू सहित स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा।




