क्राइम

डायल 112 वाहन में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जुलूस निकालकर भेजे गए जेल

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने डायल 112 वाहन में तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला । मामले में चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को हाईवा एवं मोटरसाइकिल की टक्कर की सूचना पर डायल 112 वाहन बंधी रेल फाटक, स्लीमनाबाद के लिए रवाना हुआ था। हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद वहां मौजूद 10-15 ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस दल पर पथराव कर दिया । पथराव में डायल 112 वाहन क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसमें सवार पुलिस स्टाफ एवं पायलट को चोटें आईं। स्लीमनाबाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 89/2026 धारा 296B, 351(3), 121(1), 125A, 132, 191(2), 191(3), 190, 324(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्लीमनाबाद एवं थाना प्रभारी उमरियापान की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 14 फरवरी 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी में सागर उर्फ जग्गी कोल 19 वर्ष पिता रामकुमार उर्फ भूरालाल, अभिषेक कोल 19 वर्ष पिता हरिप्रसाद कोल, अर्जुन कोल 20 वर्ष पिता प्रीतम कोल तीनों निवासी धरवारा ।
आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जिला जेल कटनी भेज दिया गया ।
चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी
प्रकरण में शामिल चार अन्य आरोपियों की पुलिस द्वारा सक्रियता से तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश समन, थाना प्रभारी उमरियापान महेंद्र जायसवाल, उपनिरीक्षक अनिल यादव, सहायक उपनिरीक्षक जुबेर अली सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button