डयूटी फील्ड में रहने की, बाबू साहब झंडा चौक में बैठ रहते

पीडब्ल्यूडी विभाग का मामला
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। लोक निर्माण विभाग कटनी के अंतर्गत उमरियापान में पदस्थ मृत्युंजय उपाध्याय लिपिक की डयूटी विभाग द्वारा फील्ड में लगाई गई और उनको पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत आदि का कार्य करवाना है लेकिन बाबू साहब से झंडा चौक का मोह नहीं छूट रहा है और दिनभर झंडा चौक में बैठकर अपनी डयूटी पूरी कर रहे है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत्युंजय उपाध्याय जो लिपिक के पद पर पदस्थ है लेकिन उनकी डयूटी की शुरूआत झंडा चौक उमरियापान में बैठने के साथ होती है और दिनभर यही बैठकर अपनी डयूटी पूरी करते है। सवाल यह उठता है कि जब विभाग द्वारा उनको फील्ड पर काम करने के लिये आदेशित किया गया है तो आखिर उनके द्वारा ऐसा क्या किया जा रहा है। जब से उनकी यहां पर पदस्थापना हुई है तभी से उनका यह रवैया रहा है उनके द्वारा कभी कभार ही मौके पर रहकर कार्य करवाया जाता है।
डयूटी से परहेज, वेतन पूरा चाहिये
सवाल यह उठता है कि यदि संबंधित लिपिक को अपनी डयूटी से ज्यादा झंडा चौक में बैठता पसंद है तो डयूटी ही क्यों कर रहे है वें नौकरी छोड़कर झंडा चौक में दिन-रात बैठ सकते हैं। एक ओर तो शासन द्वारा भारी भरकम वेतन दिया जा रहा है वहीं दूसरी ओर इनके जैसे कर्मचारी द्वारा शासन को चूना लगाया जा रहा है और बिना काम के वेतन आहरित किया जा रहा है।



