आंगन मिलन सेवा के तहत बीकलपुर आंगनवाड़ी केंद्र में विविध गतिविधियां आयोजित

सिलवानी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को जनसामान्य से जोड़ते हुए बच्चों, महिलाओं, अभिभावकों एवं समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में परियोजना सिलवानी के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र बीकलपुर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बीकलपुर सरपंच दीपक द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में मुनगा के पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए पोषण एवं स्वच्छता के महत्व पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर सरपंच दीपक रघुवंशी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मुबीना एवं आशा कार्यकर्ता उषा उइके को पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों के साथ पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अभिभावकों एवं समुदाय को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देकर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम में सरपंच दीपक रघुवंशी एएनएम भावना कुशवाहा, सेक्टर पर्यवेक्षक मालती सेन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मुबीना, आशा कार्यकर्ता उषा उइके, शिक्षक जत्रा उइके सहित महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



