2 अक्टूबर को स्लीमनाबाद में होगा विशाल त्रिशूल दीक्षा समारोह एवं शौर्य संचलन

संतों के सानिध्य में बजरंग दल के नेतृत्व में होगा आयोजन, हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी
रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल हरिदासपुर प्रखंड स्लीमनाबाद के नेतृत्व में आगामी 2 अक्टूबर, शुक्रवार को विशाल त्रिशूल दीक्षा समारोह एवं शौर्य संचलन का आयोजन किया जा रहा है । आस्था मैरिज गार्डन में दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर संगठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं । कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज के लोगों के शामिल होने की तैयारी है ।
कार्यक्रम संतों के सानिध्य एवं आशीर्वाद में आयोजित होगा । संत शिरोमणि ब्रह्मानंद दास जी महाराज एवं देवेंद्र दास जी महाराज का शुभ आशीर्वाद कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा । कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे । वहीं महाकौशल प्रांत मंत्री उमेश मिश्रा विशेष रूप से कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
पहली बार नगर आगमन, कार्यकर्ताओं को मिलेगा मार्गदर्शन
कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते हुए प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे ने बताया कि बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत का स्लीमनाबाद क्षेत्र में पहली बार नगर आगमन हो रहा है । कार्यक्रम के दौरान वे उपस्थित कार्यकर्ताओं को संगठन, सामाजिक दायित्व एवं राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे ।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सुरक्षा और संस्कार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के लिए जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा । सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा कार्य, समाज की एकजुटता और संस्कारों के संरक्षण जैसे विषय भी कार्यक्रम के केंद्र में रहेंगे।
हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की तैयारी
आयोजकों के अनुसार त्रिशूल दीक्षा एवं शौर्य संचलन को लेकर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं द्वारा संपर्क और तैयारियां की जा रही हैं । कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच संगीता मेहरा करेंगी, जबकि जगदीश प्रसाद शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे । संतों के आशीर्वाद और वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है ।
हिंदू समाज एवं संगठनों से सहभागिता की अपील
कार्यक्रम को लेकर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की प्रखंड स्तरीय टोली द्वारा समस्त हिंदू समाज एवं विभिन्न हिंदू संगठनों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन सेवा, सुरक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण के संदेश को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है ।
2 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे आस्था मैरिज गार्डन में होने वाले इस आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं ।



