चांदी जड़ित विमान में विराजे श्रीजी, जयकारों से गूंजा नगर

मुनि श्रेयांश सागर महाराज के सानिध्य में निकला चल समारोह
सिलवानी । दस लक्षण महापर्व की समाप्ति के बाद शनिवार को परंपरा अनुसार पारसनाथ दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया। मुनि श्रेयांश सागर महाराज के सानिध्य में निकले समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। चांदी जड़ित विमान में श्रीजी की प्रतिमा को विराजमान किया गया, जिसे समाजजनों ने कंधों पर उठाकर श्रद्धा और भक्ति के साथ नगर भ्रमण कराया।
चल समारोह दोपहर में पारसनाथ जिनालय से प्रारंभ हुआ। यहां से जुलूस जैन चैत्यालय, बुधवारा बाजार, गांधी चौक और कुशवाहा धर्मशाला रोड होते हुए त्रिमूर्ति जिनालय पहुंचा। यहां आरती के बाद पुनः चल समारोह शुरू हुआ। इसके बाद बजरंग चौराहा, पुराना बस स्टैंड होते हुए जुलूस वापस पारसनाथ जिनालय पहुंचा, जहां समारोह का समापन हुआ।
चल समारोह के मार्ग में समाजजनों ने जगह-जगह श्रीजी की प्रतिमा की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और भक्ति भाव के साथ चल समारोह में सहभागिता की। इस दौरान मुनि श्रेयांश सागर महाराज का पाद प्रक्षालन भी किया गया।
भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। दिगंबर जैन महिला मंडल की कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर चल समारोह में सहभागिता की। महिलाएं जयकारे लगाते हुए लयबद्ध तरीके से भजनों का गायन करती चल रही थीं।
समारोह के समापन पर पारसनाथ जैन समाज के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने आयोजन में सहभागिता करने वाले समाजजनों का आभार व्यक्त किया। साथ ही चल समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले पुलिस जवानों का सम्मान किया गया।



