पुरुष नसबंदी जन जागरूकता सारथी रथ को दिखाई हरी झंडी

सिलवानी। पुरुष नसबंदी पखवाड़े के अंतर्गत सिविल अस्पताल सिलवानी में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एचएन मांडरे एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर आरएस पटेल द्वारा पुरुष नसबंदी जन जागरूकता हेतु सारथी रथ को हरी झंडी दिखाकर ब्लॉक सिलवानी के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्र एवं ग्रामों के लिए रवाना किया।
सीबीएमओ डॉक्टर एचएन मांडरे ने बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा चलाया जा रहा है जिसका उद्देश्य है परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी को बढ़ाना है। सिविल अस्पताल सिलवानी में प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को निशुल्क पुरुष एवं महिला नसबंदी शिविर आयोजित किये जा रहे हैं।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरएस पटेल ने बताया गया कि पुरुष नसबंदी परिवार नियोजन का एक आसान तरीका है। जिसमें बिना चीरा, बिना टांका के आपरेशन किया जाता है। इसमें पुरुष नसबंदी अपनाने वाले व्यक्ति की कार्य क्षमता में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आती है ना ही उसके शरीर पर कोई विपरीत प्रभाव पड़ते हैं l
इस अवसर पर बीईई विक्रम खत्री, बीपीएम जयदीप साहू, हेमंत सराठे, पुष्पेंद्र रघुवंशी फार्मासिस्ट, मान सिंह रजक, सीपी पाण्डे सहित स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा आदि स्टाफ उपस्थित रहे।



