सेमरी जलाशय से 96 गांव के बारह हजार घरों में पहुंचेगा पानी, मुख्यमंत्री ने 100 करोड़ की योजना का किया शुभारंभ
बेगमगंज, गैरतगंज, सिलवानी, रायसेन नगर पालिकाओं के विकास के लिए दिए जाएंगे पांच-पांच करोड रुपए,
जिले के बम्होरी और सुल्तानगंज को तहसील बनाए जाने की कार्यवाही शुरू
बेगमगंज से शब्बीर अहमद की रिपोर्ट
बेगमगंज । सोमवार को रायसेन जिले के बेगमगंज के सीएम राइज उत्कृष्ट स्कूल के मैदान पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जल निगम के माध्यम से 100 करोड़ की लागत से 96 गांव में 12 हजार घरों के 76 हजार लोगों को घर-घर पेयजल उपलब्ध कराने की योजना का शुभारंभ किया। ताकि बहिने पानी के लिए परेशान ना हो उन्हें हैंडपंप से मुक्ति देकर घर-घर टोटी से पानी उपलब्ध हो सकेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लाडली बहना की योजना 3000 तक पहुंचाएंगे और बहनों से लाडली आवास योजना के फॉर्म भरने का आह्वान किया। साथ ही बम्होरी और सुल्तानगंज को तहसील बनाने के साथ ही बेगमगंज, सिलवानी, गैरतगंज और रायसेन नगरों के विकास के लिए पांच-पांच करोड़ रुपए स्वीकृत करने की घोषणा के साथ ही बेगमगंज में शानदार एडिटोरियम, बम्होरी और बेगमगंज में कन्या शालाओं के नए भवन के लिए समुचित राशि स्वीकृत करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को बेगमगंज में 100 करोड़ रुपए लागत की सेमरी जलाशय आधारित समूह नल-जल प्रदाय योजना का शुभारंभ सहित 153 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर दीनदयाल अंत्योदय समिति के अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक रामपाल सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी
भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा राष्ट्रीय पशुधन मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, समूह बैंक लोन तथा प्रधानमंत्री पथ विक्रेता योजना, लाड़ली बहना योजना, अंतर्गत अनेक हितग्राहियों को एक करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक राशि का हितलाभ वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गरीबों के बिजली के बड़े बिल माफ कर दिए गए है और अब 100 यूनिट के 100 रुपया बिल भी आएगा। उन्होंने कहा कि कोई गरीब अब बिना घर की जमीन के नही रहेगा और जिनके नाम प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल नहीं है उन्हे मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुआ बापू के प्रिय भजन वैष्णव जन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जीवन की सार्थकता भी जनता की सेवा और उनके दुख दर्द दूर करके भगवान की पूजा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 9 करोड़ जनता उनकी भगवान है और उनके जीवन की सार्थकता इनका कल्याण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी नही सोच सकता था कि लाडली बहना जैसी योजना भी मूर्त रूप ले सकती है। उन्होंने कहा कि इस योजना में पैसा से ज्यादा बहनों को मान सम्मान और इज्ज़त मिले इसलिए योजना लागू की गई है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे सरकार नहीं परिवार चलाते है और बच्चों के मामा के साथ वे बहनों और भाइयों के भाई भी है। उन्होंने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार में योजनाओं को बंद करने और हमेशा धन की कमी का रोना रोने वाली बात कहते हुए कहा कि उनकी सरकार में धन की कोई कमी नहीं है और हर तरह के विकास कार्यों के साथ जनकल्याण की योजनाएं भी चल रही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्रीय विधायक रामपाल सिंह की कार्यप्रणाली की तारीफ करते हुए उन्हें आदर्श विधायक बताया। और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की जमकर तारीफ की।
मुख्यमंत्री चौहान निर्धारित समय पर ही पहुंचे और सबसे पहले कन्या पूजन, बहनों की पैर धुलाई के साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। विधायक ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, मंत्री प्रभुराम चौधरी सहित मंचासीन लोगों ने मुख्यमंत्री का फूल मालाओं और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत सम्मान किया। कार्यक्रम को केबीनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सिलवानी विधायक रामपाल सिंह ने भी संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ने उपस्थित भैया बहनों से अगली बार सरकार बनवाने और विधायक रामपाल सिंह को जिताने का वचन लिया उपस्थित महिला पुरुषों ने दोनों हाथ उठाकर मुट्ठी बांधकर वचन दिया कि सरकार बनवाने और विधायक रामपाल सिंह को जिताने में रात दिन एक कर देंगे।
महिलाएं अपने हाथों में उन्हें 450 रुपए का सिलेंडर प्रदान करने और लाडली बहना योजना शुरू करने पर आभार की तख्तियां लिए हुए लहराती नजर आईं।





