क्राइम

कलयुगी बेटा ही निकला मां का हत्यारा, पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
सीहोर । रेहटी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर महिला के अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके कलयुगी बेटे ने ही की थी। हत्या का खुलासा करते हुए एसडीओपी बुधनी शशांक गुर्जर ने बताया कि रेहटी थाने में फरियादी भगवान सिंह साहू ने 21 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सुनीता बाई रेहटी स्थित मंडलोई कॉलोनी के उसके घर में मृत अवस्था में पाई गई है। इसके बाद रेहटी थाना पुलिस द्वारा इस मामले में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की गई।
इस मामले में पुलिस टीम ने हर पहलू की गंभीरता से जांच की और 24 घंटे में ही अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया। उन्होंने बताया कि महिला सुनीता बाई को उसके बेटे महेंद्र साहू पिता भगवानसिंह साहू उम्र 45 वर्ष ने ही मारा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक महेंद्र साहू अपनी मां के चाल-चलन से परेशान था। उसकी मां दिगवाड़ से रोजाना रेहटी आना-जाना करती थी। वह कई बार अपनी मां को इसके लिए मना कर चुका था, लेकिन उसकी मां मानने को तैयार नहीं थी। इससे परेशान होकर महेंद्र साहू ने अपनी मां को मारने की योजना बनाई। गत दिवस आरोपी महेंद्र साहू ने रेहटी स्थित मंडलोई कॉलोनी निवास में महिला सुनीता बाई को मौका देखकर पीछे से धारदार हथियार से वार करके उसकी हत्या कर दी।
अपनी मां को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी महेंद्र साहू अहमदाबाद भागने की फ़िराक में था, लेकिन रेहटी पुलिस टीम ने आरोपी को भैरूंदा बस स्टैंड से पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी महेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह उसकी मां के चाल-चलन से परेशान था। आए दिन इस बात को लेकर उनके बीच में झगड़ा भी होता था।

Related Articles

Back to top button