किसकी सह पर भू-माफिया रौंद रहा नियमों को, अंधेली बाग के सामने अवैध कॉलोनी पर रोड बनाने काट दिये हरे-भरे वृक्ष
कई अन्य जगह पर भी भू-माफिया करवा रहा अवैध कॉलोनी का निर्माण
नेतराज पटेल को नोटिस जारी, जवाब आने के बाद होगी कार्यवाही
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद के द्वारा कुछ माह के अंतराल में जिस तरह से भू-माफियाओं के विरुद्ध कार्यवाही की है उससे कुछ हद तक तो भू-माफिया डरे हुये है और अभी हाल ही मैं तेवरी में बन रही अवैध कॉलोनी के कॉलोनाईजर पर भी मामला दर्ज करवाया गया है लेकिन वहीं दूसरी ओर सिहोरा तहसील के ग्राम केवलारी निवासी भू-माफिया नेतराम पटेल जिसके द्वारा ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ढीमरखेडा, उमरियापान एवं स्लीमनाबाद, तेवरी में अवैध कॉलोनी बनाने का कार्य काफी लंबे समय से किया जा रहा है बाजवूद इसके आज दिनांक तक उक्त भू-माफिया पर किसी तरह की कोई कार्यवाही और एफआईआर नहीं होना प्रश्नचिह खड़ा करता है।
यहां पर यह स्मरण रहे मौजा- उमरियापान, रा.नि.मं. उमरियापान, तहसील ढीमखेडा जिला कटनी स्थित बिजली कार्यालय के सामने अंधेली बाग में भू-माफिया नेतराम पटेल के द्वारा बिना किसी अनुमति के कृषि भूमि लेकर अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है जिसमें उसके द्वारा शासकीय भूमि से सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है और बिना अनुमति के उसके द्वारा मुरुम का उत्खनन कर मौके पर पुराई करवाई जा रही है। पिछले दिनों उसके द्वारा खसरा नं. .780/1 रकवा 1.862 हे. के अंश भाग में लगे भारी भरकम वृक्षों को नेतराम पटेल के द्वारा बिना किसी अनुमति लिये ही कटवा दिया गया। जैसे ही इस संबंध में ग्रामीणों को जानकारी तब उनके द्वारा अधिकारियों को शिकायत की गई। नायब तहसीलदार उमरियापान के द्वारा मौके पर पटवारी को भेजा गया जहां पर पटवारी के द्वारा पंचनामा आदि की कार्यवाही कर प्रतिवेदन नायब तहसीलदार उमरियापान के समक्ष प्रेषित किया गया है। उक्त प्रतिवेदन के आधार पर हरे-भरे वृक्ष कटवाने वाले नेतराम पटेल को नायब तहसीलदार उमरियापान के द्वारा नोटिस जारी किया गया है और तीन दिवस के अंदर जवाब तलब किया गया है। जवाब नहीं देने की दशा में उसके विरुद्ध एक पक्षीय कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित किया गया है। यहां पर यह भी स्मरण रहे कि भू-माफिया नेतराम पटेल के द्वारा उमरियापान स्थित अंधेली बाग बिजली ऑफिस के सामने जिस कॉलोनी का निर्माण किया जाकर प्लाट विक्रय किया जा रहा है उक्त भूमि कृषि मद की भूमि है और रोड से लगकर शासकीय भूमि जहां पर उसके द्वारा रोड बनाने का कार्य किया जा रहा है।
भू-माफिया को नेताओं का संरक्षण
तहसील सिहोरा के केवलारी ग्राम निवासी नेतराम पटेल के द्वारा काफी दिनों से अवैध कॉलोनी बनने का कार्य किया जा रहा है जिसमें उसके द्वारा उमरियापान, ढीमरखेड़ा, स्लीमनाबाद, तेवरी में अवैध कॉलोनियों बनाई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि उसके द्वारा पहले कृषि भूमि खरीदी जाती है और बाद में उक्त कृषि भूमि पर पुराई करवाकर उसमें अवैध कॉलोनी बनाकर प्लाट विक्रय कर दिये जाते है जिससे जहां एक ओर तो शासन को आर्थिक क्षति कारित हो रही है तो वहीं दूसरी तरफ कृषि मद की भूमि पर आवासीय प्लाट विक्रय किये जा रहे है। उसके इस विधि विरुद्ध कार्य में सत्ताधारी पक्ष के तथाकथित कुछ नेताओं की भूमिका है जो स्वयं अवैध कार्यों में लिप्त है उनके द्वारा नेतराम पटेल को संरक्षण दिया जा रहा है जिस कारण से उसके द्वारा उमरियापान, ढीमरखेड़ा, स्लीमनाबाद और तेवरी सहित अन्य जगहों पर अवैध कॉलोनी बनाने का कार्य किया जा रहा है।
अधिकारी चुनाव में व्यस्त, भू-माफिया उठा रहा फायदा
काफी लंबे समय से नेतराम पटेल के द्वारा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी बनाने का काम किया जा रहा है लेकिन आज दिनांक तक किसी भी अवैध कॉलोनी मामले में उसके विरूद्ध कार्यवाही नहीं की गई है। चाहे कृषि भूमि या शासकीय भूमि, बिना शासकीय विभागों से अनुमति प्राप्त किये ही उसके द्वारा धड़ल्ले से कॉलोनी बनाकर प्लाट विक्रय किये जा रहे है। वर्तमान में जहां विधानसभा चुनाव को लेकर अधिकारी व्यस्त है इस बात का फायदा नेतराम पटेल के द्वारा उठाकर अवैध कॉलोनी पर जोर-शोर से कार्य किये जा रहे है।
भोले-भाले लोग बनते हैं शिकार
नेतराम पटेल के द्वारा एक ओर जहां विधि विरूद्ध ढँग से प्लाटों का विक्रय किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर शासकीय भूमि से सड़क बनाई जा रही है। उसके द्वारा भोले भाले लोगों को यह बताया जाता है कि उक्त भूमि पूर्ण रूप से पाक साफ है जिस कारण से लोग उसके बहकावे में आकर वहां प्लाट खरीद है लेकिन यह बात निश्चित है कि वहां पर भविष्य में प्लाट खरीदने वालों को परेशानियों का सामना करना पडेगा। चूंकि उक्त जहां पर कॉलोनी का निर्माण करवाया जा रहा है वह कृषि मद की है और कुछ भूमि सामने की शासकीय है जिस कारण से आज नहीं तो कल कार्यवाही तय है।
इस संबंध में विंकी सिंहमारे अनुविभागीय अधिकारी ढीमरखेड़ा का इनका कहना है कि चुनाव की व्यस्ता के कारण में निरंतर रूप से कार्यालय में नहीं बैठ पा रही हूं। अवैध कॉलोनी से 5 से 6 मामले लंबित है। जल्द ही इनके विरूद्ध विधि अनुसार कार्यवाही की जायेगी।
आशीष चतुर्वेदी, नायब तहसीलदार उमरियापान का कहना है कि अंधेलीबाग स्थित अवैध कॉलोनी की जगह पर नेतराम पटेल के द्वारा रहे वृक्षों को बिना अनुमति के काटा गया है। तत्संबंध में उसे जवाब हेतु नोटिस प्रेषित किया गया है। जल्द ही कार्यवाही की जायेगी।



