कॉपर केबिल चोरी गिरोह को पकड़ा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार की तलाश जारी

सतलापुर पुलिस को मिली सफलता
रायसेन । रायसेन जिले की सतलापुर पुलिस को एचईजी जैसी बड़ी कंपनी से केबल चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने में सफलता मिली है। इनके साथ दो कबाड़ियों को भी शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को बुधवार को सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना पर गिरफ्तार किया था।
उनकी निशानदेही पर अन्य लोगों और सामान की पड़ताल की गई। इसके बाद पुलिस ने एचईजी कंपनी के कॉपर केबिल, घटना में उपयोग की गई एक सफेद रंग की कार MP04 GB 7478, एक बाइक MP04 QC 8374 को बरामद किया है।
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि एचईजी के सीनियर अधिकरी रोशनलाल विश्वकर्मा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी में 7 और 8 जनवरी की रात को कंपनी के अनुराग वेयर हाउस में रखी कॉपर केबिल को चोरी हो गई। जिसकी रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी पर धारा 457, 380 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने दो आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उन्होंने चोरी कर कबाडी को बेचना कबूल किया। आरोपियों से कब्जे से घटना में प्रयुक्त एमपीईबी में अटैच महिन्द्रा केम्पर क्र. MP04 GB 7478 और एक बाइक और नकदी 14,100 रुपए सहित कुल 80 हजार रू का समान बरामद किया गया।
आरोपी अभिषेक साहू पूर्व में एचईजी कंपनी में सफाई का काम करता था। जिसने एचईजी कंपनी में गार्ड का काम करने वाले अतुल अहिरवार की मदद से कंपनी के अनुराग वेयर हाउस में रखे आर्मड कॉपर केबिल की जानकारी पूर्व में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर आरोपियों को दी।
आरोपियों में जगदीश मेवाड़ा, सतीश रजक, अभिषेक साहू और गार्ड अतुल अहिरवार, एमपीईबी में कर्मचारी आरोपी राजकुमार कुशवाहा और एमपीईबी में अटैच महिन्द्रा केम्पर के चालक सौरभ मालवीय के साथ मिलकर कॉपर केबल चोरी करने की प्लानिंग बनाई।
गार्ड अतुल अहिरवार की जिस दिन नाइट ड्यूटी रहती थी, वह गैंग के सदस्यों को बता देता था। यह कम्पनी के सीसीटीवी कम्प्यूटर रूम में बैठकर निगरानी करता था। दो आरोपी कम्पनी की बाउंड्री वाल में कूदकर वेयर हाउस के पीछे साइड में लगे पेड़ पर करीब 25-30 फिट चढ़ कर वेयर हाउस के टीन शेड पर चढ़ कर नीचे गोडाउन में उत्तर कर हेक्सा ब्लेड से केबल के बड़े-बड़े टुकड़े काट कर बाउंड्री वाल से बाहर निकालते थे।
गैंग के अन्य सदस्य महिन्द्रा केम्पर में केम्पर चालक सौरभ मालवीय के सहयोग से लोड कर ले जाते थे। ताकि किसी को कोई शक न हो। फिर आरोपी केबल से कॉपर वायर निकाल कर महेन्द्र कैम्पर से ही मंडीदीप के कबाड़ी रामदास साहू और सतलापुर के कबाड़ी बाबू को बेच देते थे। दोनों कबाड़ी माल को भोपाल के कबाड़ी भैया मियां और कमर खान को बेच देते थे।
चोरी के इस प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। आरोपी रामदास साहू और संदीप गुप्ता उर्फ बाबू कबाड़ी पर धारा 411 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी गार्ड अतुल अहिरवार और भोपाल के कबाडी भैया मियां और कमर खान फरार है, जिनकी तलाश जारी है।



