नवगठित नगर परिषद देवरी के वार्डो का आरक्षण सम्पन्न
रायसेन । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को कलेक्टर एवं विहित प्राधिकारी अरविंद दुबे की उपस्थिति में जिले की नवगठित नगर परिषद देवरी के 15 वार्डो का मप्र नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए वार्डो का आरक्षण) नियम 1994 के तहत प्रथम बार आरक्षण की कार्यवाही सम्पन्न कराई गई। डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक विहित प्राधिकारी संघमित्रा बौद्ध ने बताया कि देवरी नगर परिषद का वार्ड क्रमांक-8 डॉ अम्बेडकर वार्ड अनुसूचित जाति तथा वार्ड क्रमांक-2 सावित्री बाई फुले वार्ड अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित हुआ है।
देवरी नगर परिषद का वार्ड क्रमांक- 13 दलपत शाह वार्ड अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हुआ है तथा वार्ड क्रमांक-1 रानी कमलापति वार्ड और वार्ड क्रमांक-4 संग्राम शाह वार्ड अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के लिए आरक्षित हुआ है। वार्ड क्रमांक-14 भगतसिंह वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है तथा वार्ड क्रमांक-5 चन्द्रशेखर आजाद वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरिक्षत हुआ है।
इनके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक-6 वीर शिवाजी वार्ड, वार्ड क्रमांक-7 तात्या टोपे वार्ड, वार्ड क्रमांक-10 छोटेलाल साहू वार्ड तथा वार्ड क्रमांक-12 बाबूलाल सोनी वार्ड अनारक्षित हुए हैं। वार्ड क्रमांक-11 चौधरी विजय सिंह वार्ड, वार्ड क्रमांक-15 मंगल पाण्डेय वार्ड, वार्ड क्रमां-3 रानी दुर्गावती वार्ड तथा वार्ड क्रमांक-9 श्यामलाल गुप्ता वार्ड अनारक्षित महिला हेतु आरक्षित हुए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



