मध्य प्रदेश

ग्रामीण क्षेत्र की सड़क पर कई जगह बनाए गए हैं अस्थायी ब्रेकर

सिलवानी। किसान खेतों की सिंचाई कर रहे हैं और एक खेत से दूसरे खेत तक पाइप लाइन डालने के लिए बीच से निकली सड़कों पर अस्थायी ब्रेकर बना रहे हैं, जिससे वाहन चालक परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर इन दिनों जगह-जगह अस्थायी और ऊंचे ब्रेकर बना दिए गए हैं। यह ब्रेकर पाइप लाइन को एक से दूसरे खेतों में ले जाने के लिए बनाए गए हैं। लकड़ी, पत्थर रखकर बनाए गए इन ब्रेकरों की ऊंचाई इतनी ज्यादा है कि वाहन टकरा रहे हैं। अचानक बनाए गए ब्रेकरों की जानकारी वाहन चालकों को नहीं रहती है, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर भी जाते हैं। रबी सीजन में सिंचाई के समय तक सड़कों पर यह स्थिति बनी रहेगी। यदि सड़क निर्माण के समय ही नीचे से पाइप डाल दिए जाएं, तो इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सड़क निर्माण करने वाली एजेंसियां भी इस ओर ध्यान नहीं देती हैं। कुछ किसान लोगों की परेशानियों को देखते हुए लकड़ी के सहारे पाइप लाइन ऊपर से डाल देते हैं और आसानी से वाहन निकलते रहते हैं।
जानलेवा हो सकते हैं यह ब्रेकर
बिना मानक के सड़क पर बनाए गए यह ब्रेकर जानलेवा भी हो सकते हैं और रात के समय यह खतरा बढ़ जाता है। ब्रेकर के दोनों तरफ पटरी पर भी वाहन निकालने के लिए जगह नहीं छोड़ी जाती है और पत्थर, कटीली झाड़ियां रख दी जाती हैं।
हो चुकीं हैं ब्रेकरों के कारण दुर्घटनाएं
ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए इन अस्थायी ब्रेकर के कारण अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बीच सड़क पर या मोड पर बनाए गए यह ब्रेकर वाहन चालको ंको दिखाई नहीं देते जिससे वह अचानक अपनी गाड़ी पर कंट्रोल नहीं कर पाते और तेज गति होने के कारण ब्रेकर पर चढ़कर गाड़ी उछल जाती है और गाड़ी पर सवार महिला या पुरुष गिर कर घायल हो जाते हैं। इस तरह की कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button