बाइक से गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों से 5 किलो गांजा जब्त
रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । बाइक से गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनसे 5 किग्रा गांजा और बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर न्यायालय पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए है, जिसके पालन में सिविल लाइन टीआई शहबाज खान ने एएसपी समीर यादव और सीएसपी राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में टीम गठित की और उसे अवैध मादक पदार्थों की पतासाजी करने के लिए लगाया। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बाइक से गांजा बेचने के लिए विदिशा तरफ आ रहे है, सूचना की तस्दीक में टीम मुखबिर के बताए अनुसार हाइवे पर पहुंची। यहां एक बाइक आती दिखाई दी तो पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक को रोका। जिस पर विदिशा की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी रवि रैकवार और रायसेन जिले सेमरा गांव निवासी रामगोपाल अहिरवार 5 किलो गांजा रखकर ले जा रहे थे। पुलिस गांजा व बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और थाने में धारा एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई में टीआई शहबाज खान, उनि दौलत सिंह मेहरा, कुलदीप चंदेल, अमर दांगी, केके मिश्रा, अखिलेश राजावत, दीपक बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



