ट्रक ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 4 नौनिहालों की दर्दनाक मौत, 11 बच्चे घायल
भीषण सड़क हादसा
मुख्यमंत्री ने घटना पर दुःख व्यक्त कर घायलों के समुचित इलाज के दिये निर्देश
उज्जैन । सोमवार को उज्जैन जिले के नागदा में भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरी वैन को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे 4 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक दर्जन बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना होते ही वहां पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से वैन में फंसे बच्चों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जाता है कि स्कूल वैन में अलग-अलग स्कूलों के बच्चे सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर बच्चों के पालक भी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना उन्हेल नागदा रोड की है जहां स्कूल वाहन तूफान क्रमांक एमपी 43 बीडी 2836 और एक ट्रक क्रमांक आरजे 19 सीबी 9278 में जोरदार टक्कर हो गई। वाहन में सवार 4 बच्चों की मौत हो गई, वहीं एक दर्जन बच्चे घायल है जिनमें से कई बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए उज्जैन रेफर किया है। पुलिस एवं परिजन मौके पर पहुंचे है। एसपी ने दुर्घटना में 4 बच्चों के मौत की पुष्टि की है। 11 बच्चे घायल हुए हैं।


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन जिले में सड़क दुर्घटना में हुई 4 बच्चों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह हृदय विदारक घटना है। मुख्यमंत्री चौहान ने उज्जैन जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की आर्थिक सहायता और घायल बच्चों के समुचित उपचार के प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



