सीएमएचओ ने किया निरीक्षण, सिविल अस्पताल की नवीन बिल्डिंग में मिली खामियां

अभी तक पूर्ण नहीं हुआ भवन का काम
सिलवानी। नगर में नवनिर्मित सिविल हॉस्पिटल भवन का निर्माण लगभग 8 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत से 13,700 वर्गफीट क्षेत्र में किया गया है। यह भवन तीन मंजिला संरचना के रूप में तैयार किया गया है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
बुधवार को जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायसेन डॉ. एचएन मांडरे द्वारा उच्च अधिकारियों के निर्देश पर इस नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ को भवन में कई तकनीकी खामियां, अधूरे कार्य और निर्माण में अनियमितताएं दिखाई दीं। दीवारों में दरारें, अधूरे विद्युत कार्य, टूटी फिटिंग्स और अधूरे सेनिटेशन सिस्टम जैसी समस्याएं सामने आईं।
डॉ. मांडरे ने मौके पर मौजूद निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से चर्चा की और सभी खामियों की सूची तैयार करके कलेक्टर को प्रेषित करने की बात कहीं।
गौरतलब है कि इस भवन का कार्य कई बार समय सीमा बढ़ाने के बावजूद भी अब तक पूर्ण नहीं हो सका है। सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में केंद्रीय कृषि मंत्री के सिलवानी दौरे की संभावना को देखते हुए इस भवन के लोकार्पण की तैयारी भी की जा रही है। ऐसे में प्रशासन चाहता है कि उद्घाटन से पहले सभी निर्माण कार्य और व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि जनता को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी उम्मीद जताई है कि नई बिल्डिंग के शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और मरीजों को अब भोपाल या रायसेन के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।



